फिल्मकार विनोद कापड़ी की ‘पायर’ 23 अक्टूबर को होगी रिलीज

Ads

फिल्मकार विनोद कापड़ी की 'पायर' 23 अक्टूबर को होगी रिलीज

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 04:23 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार विनोद कापड़ी की हिंदी फिल्म ‘पायर’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एक बुजुर्ग दंपति की मार्मिक प्रेम कहानी बयां करती है, जिनका जीवन उनके घर, यादों और एक-दूसरे के इर्द-गिर्द घूमता है। वे बेहतर अवसरों की तलाश में दूर जा चुके अपने बच्चों का चुपचाप इंतजार करते हैं।

कापड़ी ने फिल्म के लिए उत्तराखंड के दो स्थानीय लोगों, भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान पदम सिंह और किसान हीरा देवी को चुना। दोनों ने इससे पहले कभी अभिनय नहीं किया था तथा वे पिथौरागढ़ जिले की बेरीनाग तहसील के रहने वाले हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘‘पायर’ मूल रूप से उन दो लोगों के बीच प्रेम की कहानी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन साथ बिताया है और यह माता-पिता तथा उनके बच्चों के प्रेम की भी कहानी है। मैं इस कहानी को उन दो लोगों के जरिए बताना चाहता था, जिन्होंने खुद वह जीवन जिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पदम सिंह जी और हीरा देवी जी को ढूंढना असाधारण अनुभव था। उनके रिश्ते, खामोशी और भावनाओं ने पर्दे पर ऐसी सच्चाई ला दी जिसे पारंपरिक कलाकार कभी दोहरा नहीं सकते थे।’’

फिल्म को 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार शामिल हैं।

वाशिंगटन डीसी, शिकागो, कनाडा, स्पेन, बोस्टन, स्टुटगार्ट, लंदन और बर्मिंघम में फिल्म को सम्मानित किया गया है। इसके अलावा सर्बिया और बोस्टन में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार के साथ-साथ संगीत, छायांकन और ध्वनि के लिए भी इसे प्रमुख सम्मान मिले हैं।

एंग ली की फिल्म ‘लाइफ ऑफ पाई’ के लिए 2012 में अकादमी पुरस्कार जीत चुके संगीतकार माइकल डैना ने ‘‘पायर’’ का संगीत तैयार किया है। ‘द लाइव्स ऑफ अदर्स’ और ‘द टूरिस्ट’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर जर्मन एडिटर पेट्रीशिया रोमेल भी इस फिल्म से जुड़ी हैं।

प्रसिद्ध भारतीय गीतकार गुलजार ने फिल्म के लिए एक गीत लिखा है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा