श्रीनगर, छह अगस्त (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) द्वारा दो दिन पहले आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस कर्मी पर कथित तौर पर हमला करने के मामले पार्टी अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पीडीपी ने मंगलवार को यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 को रद्द किये जाने के खिलाफ आयोजित किया था। पार्टी ने प्रदर्शन में इस अनुच्छेद को बहाल करने की मांग की।
अधिकारियों ने बताया कि महबूबा और इल्तिजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि महबूबा मुफ्ती और इल्तिजा मुफ्ती के अलावा पीडीपी के चार और नेताओं को जांच में शामिल होने के लिए पुलिस ने समन जारी किया है।
पुलिस का दावा है कि इल्तिजा ने अपने आधिकारिक कर्तव्य का निर्वहन कर रहे एक पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की।
अधिकारियों ने आरोप लगाया कि इल्तिजा ने अधिकारी को पकड़ लिया और उसे दांत से काटा, जिससे खून बहने लगा।
पुलिस ने बताया कि यह झड़प तब हुई जब पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अनुच्छेद 370 को हटाने के सात वर्ष पूरे होने से ठीक एक दिन पहले चार अगस्त की रात पार्टी दफ्तर के बाहर धरना दिया।
पुलिस ने बताया, ‘‘जांच में शामिल होने के लिए इल्तिजा मुफ्ती को शुक्रवार को कोठीबाग थाने में बुलाया गया है।’’
भाषा
शुभम धीरज
धीरज