पलानी मंदिर के लाउडस्पीकर से फिल्मी गाना बजाने को लेकर युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पलानी मंदिर के लाउडस्पीकर से फिल्मी गाना बजाने को लेकर युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पलानी (तमिलनाडु), 13 फरवरी (भाषा) पलानी स्थित प्रसिद्ध धनदायुथापानी स्वामी मंदिर के प्रशासन ने मंदिर के माइक्रोफोन स्टेशन से अभिनेता एवं नेता विजय की फिल्म का एक गाना बजाने के मामले में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पहाड़ी मंदिर के ‘यानाई पाधाई’ (हाथी पथ) क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
मंदिर के सूत्रों के अनुसार, जब मंदिर के कर्मचारी कुछ देर के लिए अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित थे, तब युवक ने माइक्रोफोन स्टेशन में अनधिकृत पहुंच प्राप्त कर ली। इस स्टेशन का उपयोग आमतौर पर सुरक्षा संबंधी घोषणाओं और भजनों के प्रसारण के लिए किया जाता है।
खबरों के मुताबिक, युवक ने गाना बजाने के लिए अपने मोबाइल फोन को ‘ऑडियो कंसोल’ से जोड़ दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसे शुरू में इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। इस वीडियो में एक व्यक्ति को यह हरकत रिकॉर्ड करते हुए दिखाया गया है और मंदिर के पारंपरिक भक्तिमय वातावरण के विपरीत तेज आवाज वाला फिल्मी संगीत परिसर के गलियारों में गूंजता सुनाई दे रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह वीडियो किसने अपलोड किया, ताकि युवक एवं उसके साथियों की पहचान की जा सके।
इस बीच, मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा चूक की आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं।
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


