नोएडा के सेक्टर 52 में वाणिज्यिक परिसर में आग लगी, कोई हताहत नहीं

नोएडा के सेक्टर 52 में वाणिज्यिक परिसर में आग लगी, कोई हताहत नहीं

नोएडा के सेक्टर 52 में वाणिज्यिक परिसर में आग लगी, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 5, 2026 / 11:56 am IST
Published Date: June 5, 2026 11:56 am IST

नोएडा, पांच जून (भाषा) नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर 52 स्थित शताब्दी विहार अपार्टमेंट के पास बने एक वाणिज्यिक परिसर में स्थित रेस्टोरेंट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गौतम बुद्ध नगर जिला (नोएडा) में मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर 52 के शताब्दी बिहार के पास स्थित शर्मा कॉम्प्लेक्स में आज सुबह रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर फटने के कारण आग लग गई, जिसने तुरंत भीषण रूप धारण कर लिया। उक्त परिसर में नीचे रेस्तरां और ऊपर पीजी बनी हुई है जिसमें रहने वाले करीब 18 लोग फंस गए जिन्हें दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को सेक्टर 52 की घटना के बारे में जानकारी तब मिली जब उसकी टीम पहले से ही सेक्टर 75 में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग बुझाने के अभियान में लगी हुई थीं जहां 12वीं मंजिल पर दो फ्लैट आग की चपेट में आ गए थे।

कुमार ने कहा, ‘‘सेक्टर 52 की घटना पर हमारी प्रतिक्रिया भी बहुत त्वरित थी। किसी भी तरह की देरी से एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।’’

सीएफओ ने बताया कि दमकल विभाग यह जांच कर रहा है कि क्या परिसर के मालिक ने अग्नि सुरक्षा संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया था या नहीं तथा यहां पर आग बुझाने वाले उपकरण लगाए गए थे या नहीं।

उन्होंने बताया कि जांच में गड़पड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं वैभव सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में