मोती बाग फ्लाईओवर के पास एम्बुलेंस में आग लगी, कोई घायल नहीं

Ads

मोती बाग फ्लाईओवर के पास एम्बुलेंस में आग लगी, कोई घायल नहीं

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 09:31 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 09:31 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में मोती बाग फ्लाईओवर के पास सफदरजंग अस्पताल की एक एम्बुलेंस में बृहस्पतिवार शाम आग लग गई, जिससे वाहन के अंदर रखे ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने के कारण एक मोटरसाइकिल भी जलकर राख हो गई।

पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस समालखा में एक मरीज को छोड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल लौट रही थी, तभी शाम करीब 7.20 बजे फ्लाईओवर के पास उसमें आग लग गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि एम्बुलेंस की कंडक्टर वाली सीट के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।’

चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन आग एम्बुलेंस में तेजी से फैल गई। आग के कारण अंदर रखा ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल में भी आग लग गई और वह पूरी तरह जल गई।”

दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस ने बताया कि घटना के समय एम्बुलेंस खाली थी और सड़क पर यातायात अब सामान्य हो गया है।

घटनास्थल का मुआयना करने के लिए अपराध दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीमों को बुलाया गया है।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश