ग्रेटर नोएडा में आईजीएल की गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद लगी आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
ग्रेटर नोएडा में आईजीएल की गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद लगी आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
नोएडा, 29 सितंबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-तीन इलाके में आईजीएल की गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद अचानक आग लग गई जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार शाम शारदा विश्वविद्यालय के पीछे पुस्ता रोड पर आईएसएबी स्कूल के पास हुई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विकास प्राधिकरण की ओर से इलाके में शाम करीब साढ़े सात बजे काम कराया जा रहा था, इसी दौरान भूमिगत आईजीएल गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने लगा और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया।
एहतियात के तौर पर आईजीएल की गैस आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आईजीएल की एक टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया।
कुमार ने कहा, ‘‘घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पाइपलाइन की मरम्मत के बाद गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई है।’’
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा खारी गोला
गोला

Facebook


