फरीदाबाद, 19 अप्रैल (भाषा) फरीदाबाद के मुजेसर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक थर्मोकोल कारखाने में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात लगी इस आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर दमकल विभाग की 18 गाड़ियां भेजी गईं और चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार, किरण पैकेजिंग उद्योग में आग लगी। कारखाने के अंदर हुए सिलसिलेवार विस्फोटों से इलाके में दहशत फैल गई।
इसके कुछ ही समय बाद, आग की लपटों ने पास के ओमेगा ब्राइट स्टील इंडस्ट्री और एनवोसेफ एक्वा सॉल्यूशंस को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मुजेसर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूरन सिंह ने कहा, ‘‘आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही कारण का खुलासा किया जाएगा।’’
भाषा तान्या संतोष
संतोष