कोलकाता, 18 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पुराने हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) भवन में मंगलवार को आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और आग के कारण उड़ान सेवाएं भी प्रभावित नहीं हुईं।
अधिकारियों के अनुसार, हवाई अड्डे के कर्मचारियों ने भवन की तीसरी मंजिल पर आग देखी। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पा लिया।
हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया और यह भवन के अन्य हिस्सों तक नहीं फैली।
सिंह ने कहा, ‘‘पुराने एटीसी भवन की तीसरी मंजिल के खुले हिस्से में आग लगी थी। इस पर काबू पा लिया गया और यह आगे नहीं फैली।’’
दमकल विभाग के अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुराने एटीसी भवन को सजावटी झालरों से सजाया गया था। ऐसी आशंका है कि इनमें से किसी एक झालर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी।
हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की विस्तृत जानकारी का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा
मनीषा