कोलकाता, नौ सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अधिकारियों ने दुर्गा पूजा से पहले चलाए जा रहे विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान के तहत कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को कई शॉपिंग मॉल का निरीक्षण किया। दुर्गा पूजा के दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़ी संख्या में लोगों के उमड़ने की संभावना के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने साउथ सिटी मॉल, मणि स्क्वायर और वेस्टसाइड मॉल जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों का दौरा कर वहां अग्नि सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस अभियान के तहत, शहर के बाहरी इलाकों में स्थित कई मॉल में भी इसी तरह की जांच की गई, जिनमें मध्यमग्राम के मॉल भी शामिल थे।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘दुर्गा पूजा नजदीक है और इस दौरान मॉल तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटेगी। हमने उनकी तैयारियों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।’
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशामक यंत्रों और अन्य अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की कार्यशीलता तथा उपकरणों की वैधता अवधि की जांच की।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश