नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात व्यक्तियों ने एक घर के बाहर कथित रूप से हवा में गोलियां चलाईं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि वारदात में कोई जख्मी नहीं हुआ है।
घटना की सूचना भजनपुरा थाने को दी गई जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मोहम्मद अब्दुल कादिर (39) ने पुलिस को बताया कि उनके घर के सामने दो-तीन लोगों ने गोलीबारी कर दी और फिर भाग गए।
अधिकारी ने बताया, “फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया है और साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है।”
आरोपियों की पहचान करने व उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को तैनात कर दिया गया है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन