नोएडा पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच अपर पुलिस उपायुक्त और छह सहायक पुलिस आयुक्त को नयी तैनाती
नोएडा पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच अपर पुलिस उपायुक्त और छह सहायक पुलिस आयुक्त को नयी तैनाती
नोएडा, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से पांच अपर पुलिस उपायुक्त और छह सहायक पुलिस आयुक्त का सोमवार शाम तबादला कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त ने अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा को अपर पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात एवं डायल 112) और अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय कारागार नोएडा) के पद पर तैनात किया है।
गुप्ता के मुताबिक, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) के पद पर कार्यरत संतोष कुमार पांडे को अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार को अपर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय), जबकि अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) आरके गौतम को अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध, पुलिस लाइन, मॉनिटरिंग सेल और आंकिक शाखा) बनाया गया है।
गुप्ता के अनुसार, सहायक पुलिस आयुक्त जितेंद्र कुमार सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त (मध्य जोन द्वितीय) और सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार पांडे को सहायक पुलिस आयुक्त (नोएडा द्वितीय) के पद पर तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात, ग्रेटर नोएडा जोन), सहायक पुलिस आयुक्त शकील मोहम्मद को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात जोन नोएडा और प्रोटोकॉल), सहायक पुलिस आयुक्त उमेश यादव को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात मध्य जोन) और सहायक पुलिस आयुक्त राधा रमन सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त (ग्रेटर नोएडा) व सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि ये तबादले अप्रैल माह में श्रमिकों के हिंसक आंदोलन के दौरान पुलिस की कथित लापरवाह कार्य प्रणाली के मद्देनजर किए गए हैं।
भाषा
सं पारुल
पारुल

Facebook


