जयपुर, सात अक्टूबर (भाषा) राजस्थान पुलिस ने अलवर जिले में प्रलोभन और भय से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से धार्मिक सामग्री जब्त की गई है।
अलवर के जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गरीब हिंदू महिलाओं और पुरुषों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन और भय दिखाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों पर अवैध धर्मांतरण कराने का आरोप है।
पुलिस को नैनापुर गांव के एक परिवादी से रिपोर्ट मिली थी कि यहां हिंदू धर्म के लोगों को अवैध रूप से धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों द्वारा हिंदू धर्म के विरुद्ध गलत बातें सिखाई जा रही थीं।
गवाहों के बयान के आधार पर जब्त की गई पेन ड्राइव और धर्म प्रचार-प्रसार सामग्री के आधार पर जुर्म प्रमाणित पाया गया। पुलिस ने प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर थाना बड़ौदामेव में मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि इस आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के तार अलवर, जयपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) तक से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार लोगों में प्रशांत जाटव (25), रामनारायण बैरवा (48), महेश मेघवाल (24), केशव वैदादा (39) और रोहित जाटव (25) है।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसका वित्तपोषण करने वाले संगठन की जांच कर रही है। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत