कॉजपा का विरोध मार्च: दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशन घंटों तक बंद रहे

Ads

कॉजपा का विरोध मार्च: दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशन घंटों तक बंद रहे

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 11:38 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 11:38 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्च के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार को मध्य दिल्ली के पांच मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए। बाद में दिनभर में इन्हें चरणबद्ध तरीके से खोल दिया गया।

डीएमआरसी के अनुसार, राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अधिकतर समय बंद रहे। सबसे पहले सेवा तीर्थ स्टेशन खोला गया, इसके बाद जनपथ और पटेल चौक स्टेशन पर सेवाएं बहाल की गईं।

हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन के कुछ प्रवेश एवं निकास द्वार बंद रहे, लेकिन यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा दी गई।

इस दौरान वायलेट लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जिन्हें बाद में सामान्य कर दिया गया।

सोमवार को नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों छात्र और पेशेवर संसद की ओर मार्च कर रहे थे, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।

भाषा राखी रंजन

रंजन