बेंगलुरु, एक जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में एक आईटी कंपनी के परिसर में स्थित ‘डे-केयर’ केंद्र में छोटे बच्चों से कथित तौर पर शारीरिक दुर्व्यवहार करने के आरोप में पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कथित घटना ब्रुकफील्ड स्थित बाल देखभाल केंद्र में हुई, जहां आईटी कंपनी के कर्मचारी काम के दौरान अपने छोटे बच्चों को देखभाल के लिए छोड़ते हैं।
उसने बताया कि यह घटना सोमवार को उस समय सामने आई जब व्हाट्सऐप के जरिए साझा किए गए वीडियो में बच्चों से कथित दुर्व्यवहार होते देखा गया और इसकी सूचना ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ को दी गई।
पुलिस ने बताया कि वीडियो में बच्चे रोते हुए दिखाई दे रहे हैं और देखभाल करने वाली महिलाएं उनके साथ कथित तौर पर शारीरिक दुर्व्यवहार कर रही हैं और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कथित वीडियो में दो से तीन वर्ष की आयु के बच्चों को रोने या शोर करने पर देखभालकर्मी उन्हें धमकाते हुए दिख रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिलाओं ने बच्चों को सामने से खुलने वाली वॉशिंग मशीन के अंदर रखा, उन्हें ‘वेस्टर्न सीट’ वाले शौचालय में बैठाया और टॉयलेट जेट स्प्रे से उनके मुंह में पानी डाला। इसके अलावा, उन्हें बाथरूम में बंद किया गया और चुप होने के लिए धमकाया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद इन पांचों महिलाओं के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘आरोपी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। हम वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि घटनाएं कब हुईं तथा क्या और अधिक बच्चे भी इसी तरह के दुर्व्यवहार का शिकार हुए थे।’
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव