राजस्थान: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन होटलों पर चला बुलडोजर

Ads

राजस्थान: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन होटलों पर चला बुलडोजर

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 04:26 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 04:26 PM IST

जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की लड़की से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को मामले से जुड़े तीन होटलों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

भारी पुलिस और प्रशासनिक मौजूदगी के बीच जेसीबी मशीनों से होटल खुंगर, जॉय इन और होटल सफायर को जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

ध्वस्तीकरण अभियान उप प्रभागीय मजिस्ट्रेट नयन गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, उपाधीक्षक विष्णु खत्री और 50 से अधिक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने कहा, “अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”

मामला 23 जून को सामने आया था जब पुलिस ने शहर के एक होटल पर छापा मारकर नाबालिग लड़की को कैद से मुक्त कराया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल मालिक और प्रबंधक उसे कैद में रखकर अलग-अलग लोगों को बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करा रहे थे। आरोप है कि पांच दिनों में नाबालिग के साथ 20 से अधिक लोगों ने विभिन्न होटलों में दुष्कर्म किया।

प्राथमिकी के अनुसार, कई होटल मालिक और संचालक इस शोषण में शामिल थे।

इस घटना के खुलासे के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की। लगातार दबाव के चलते प्रशासन ने तीन होटलों पर बुलडोजर चलाने का आदेश दिया।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया

जोहेब

जोहेब