Datia Father Murder Case : 40 हजार के लिए बेटे ने रची खौफनाक साजिश! 11 महीने तक सबको कहता रहा- ‘पिता मुंबई गए हैं’, फिर ऐसा राज़ आया सामने की उड़ गए होश

Ads

मध्य प्रदेश के दतिया में 40 हजार रुपये के विवाद में बेटे पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शव को महीनों तक घर में छिपाकर रखा और गांव वालों से कहता रहा कि पिता मुंबई मजदूरी करने गए हैं। करीब 11 महीने बाद मामले का खुलासा हुआ।

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 03:45 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 03:55 PM IST

Datia Father Murder Case / Image Source : AI

HIGHLIGHTS
  • 11 महीने पुरानी गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी।
  • पुलिस ने नदी से मानव अस्थियां और मृतक के कपड़े बरामद किए।
  • FSL जांच और पूछताछ के बाद हत्या का खुलासा हुआ।

दतिया : Datia Father Murder Case :  मध्य प्रदेश के दतिया जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की एक ऐसी खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। महज 40 हजार रुपयों के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या कर दी। हैरत की बात यह है कि आरोपी ने पिता के शव को करीब 6 महीने तक अपने ही घर के एक लोहे के बक्से में छुपाकर रखा और गांव वालों को गुमराह करता रहा। 11 महीने पुरानी इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करते हुए दतिया एसपी मयूर खंडेलवाल ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी बेटे नितिन बुंदेला और साक्ष्य छिपाने में उसकी मदद करने वाले ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेंद्र बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले के खुलासे में IBC24 संवाददाता अरुण मिश्रा को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत भी किया गया है।

क्या है पूरा मामला ?

यह खौफनाक मामला बड़ौनी थाना क्षेत्र के छता गांव का है। दरअसल, गांव के रहने वाले 45 वर्षीय उदयभान सिंह बुंदेला पिछले 11 महीने से लापता थे। 28 जून 2026 को जब उनके भाई शिवराज सिंह बुंदेला ने बड़ौनी थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और अपने भतीजे नितिन बुंदेला पर शक जाहिर किया, तो पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की। शुरुआत में आरोपी बेटा नितिन पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा और हादसे की झूठी कहानी सुनाता रहा। उसने बताया कि अगस्त 2025 में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर का फाल बदलते समय अचानक मशीन गिरने से पिता की मौत हो गई थी और डर की वजह से उसने शव बक्से में छिपा दिया। हालांकि, पुलिस ने जब एफएससी (FSL) टीम के साथ घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण और रीक्रिएशन कराया, तो नितिन की झूठी कहानी टूट गई।

” मजदूरी करने मुंबई गए है पिता”

Nitin Bundela Father Murder Case 2026 सख्ती से पूछताछ करने पर नितिन ने असली वजह कबूल की। उसने बताया कि उसके पिता उदयभान ने उसे ट्रैक्टर की किश्त भरने और खेती के लिए 40 हजार रुपये दिए थे, जिसे उसने शराब और जुए की अय्याशी में उड़ा दिया। जब पिता ने पैसों का हिसाब मांगा, तो अगस्त 2025 की एक रात नितिन ने खाट पर सो रहे अपने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन-चार वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को कथरी में लपेटकर लोहे के बक्से में बंद कर दिया और कमरे पर ताला लगा दिया। वह गांव वालों से कहता रहा कि पिता मुंबई मजदूरी करने गए हैं।

6 महीने बाद अवशेषों को नदी में फेंका

करीब 6 महीने बाद जब शव पूरी तरह गल गया और केवल हड्डियां बचीं, तब नितिन ने अपने ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेंद्र बुंदेला को यह राज बताया। इसके बाद दोनों ने रात के अंधेरे में उन अवशेषों को सामली नदी की पुलिया के पास फेंक दिया। हाल ही में किसी बात पर नितिन का अपने ताऊ से विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर ताऊ ने परिवार के सामने हत्या की बात कह दी और यहीं से मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं।

कपड़ों से मृतक की पहचान

MP CRIME NEWS मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर सामली नदी पहुंची, जहां से मानव अस्थियां, मृतक के कपड़े और कथरी बरामद की गई। परिजनों ने कपड़ों से मृतक की पहचान की है। इसके साथ ही पुलिस ने घर से वह लोहे का बक्सा और खून से जुड़ी अन्य वस्तुएं भी अपने कब्जे में ले ली हैं। वैज्ञानिक जांच, लगातार पूछताछ और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन बुंदेला और उसके ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेंद्र बुंदेला के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। 11 महीने तक गुमशुदगी और हादसे के पीछे छिपे इस जघन्य हत्याकांड के पर्दाफाश के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

ये भी पढ़ें