ओडिशा में भारी बारिश के बीच नदी में अचानक आई बाढ़

Ads

ओडिशा में भारी बारिश के बीच नदी में अचानक आई बाढ़

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 10:58 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 10:58 PM IST

भुवनेश्वर, 23 अगस्त (भाषा) ओडिशा में भारी बारिश के बीच रविवार को राज्य के कालाहांडी जिले में हाती नदी के तटबंधों में अचानक बाढ़ आने की सूचना मिली। अधिकारियों ने बताया कि इस स्थिति को देखते हुए दो अन्य जिला प्रशासन ने विद्यालयों में अगले दो दिन के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में 26 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि इंद्रावती परियोजना के मंगलपुर बैराज से 412 क्यूसेक पानी हाती नदी में छोड़ा गया। उन्होंने बताया कि हाती नदी पहले से ही उफान पर थी, जिसकी वजह से आज सुबह इसके तटबंधों में अचानक बाढ़ आ गई।

एक अधिकारी ने बताया कि कालाहांडी जिले के कलमपुर प्रखंड के तहत तलपाड़ा, बांकापाला और जामपदार गांवों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया। प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार मरांडी के नेतृत्व में प्रशासन ने पारुआगुडा और बोडलबंध गांवों से 293 लोगों को सुरक्षित निकाला और उन्हें मुफ्त राशन उपलब्ध कराया।

बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए विभिन्न जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि नवरंगपुर के सभी विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र तथा भद्रक के संवेदनशील इलाकों के 89 विद्यालय सोमवार को बंद रहेंगे।

राज्य के कई इलाकों में आज सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। इनमें से कम से कम दो स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश