ईटानगर, 21 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पांच जिलों में पिछले 24 घंटों में मूसलधार बारिश के कारण बाढ़ आ गई है जबकि राज्य भर में जारी मॉनसून से लगभग 1.49 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
राज्य आपात परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, सियांग, पापुम पारे, वेस्ट कामेंग, कामले और लोअर सियांग जिलों से बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं की सूचना मिली है जिससे छह प्रशासनिक क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।
अचानक आई बाढ़ ने सियांग जिले के केबांग सर्कल में कालेक गांव को जलमग्न कर दिया।
पापुम पारे में, भारी बारिश ने बालीजन और तारासो सर्कल के बालीजन और तारासो गांवों को प्रभावित किया, जबकि वेस्ट कामेंग के दिरंग सर्कल में लिश गांव, कामले के रागा सर्कल में याडा गांव और लोअर सियांग के लिकाबली सर्कल में जिपु गांव में भी बारिश से नुकसान की सूचना मिली।
एसईओसी ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन के इस दौर में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, 29 लोग घायल हुए हैं और दो अन्य लापता हैं, जबकि राज्य भर में 1,49,392 लोग प्रभावित हुए हैं।
उसने कहा कि मॉनसून ने अब तक राज्य के सभी 27 जिलों के 343 सर्कल में 594 गांवों को प्रभावित किया है।
भाषा वैभव नरेश
नरेश