हज यात्रियों से हो रही है 10 हजार रुपये की जबरन वसूली, यह नाइंसाफी है: इमरान प्रतापगढ़ी

Ads

हज यात्रियों से हो रही है 10 हजार रुपये की जबरन वसूली, यह नाइंसाफी है: इमरान प्रतापगढ़ी

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 08:38 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हजयात्रियों से हवाई किराये में बढ़ोतरी के नाम पर 10 हजार रुपये की जबरन वसूली की जा रही है जो सरासर नाइंसाफी है।

उन्होंने यह आरोप उस वक्त लगाया, जब भारतीय हज समिति ने एक परिपत्र के माध्यम से हज यात्रियों से कहा कि वह अतिरिक्त हवाई किराये के रूप में आगामी 15 मई तक 10 हजार रुपये जमा कराएं।

कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष प्रतापगढ़ी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हज यात्रियों से इस तरह यात्रा से बिल्कुल पहले 10,000 रुपये की जबरन वसूली करना सरासर नाइंसाफ़ी है। जब पूरा किराया पहले से तय था, तो आख़िरी वक़्त में यह इज़ाफ़ा क्यों किया गया?’’

उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हज समिति के जरिये इस पवित्र यात्रा पर जा रहे भारतीय नागरिकों से इस तरह से वसूली ना की जाए।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा है कि विमानन कंपनियों ने भारत के प्रत्येक हज यात्री पर हवाई किराये में करीब 30 से 40 हजार रुपये की वृद्धि की मांग की थी, लेकिन सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि यह वृद्धि 10 हजार रुपये से अधिक नहीं हो।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश