गुवाहाटी, 17 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को उनसे मुलाकात के बाद यह जानकारी दी।
बोरा के कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बाद, शर्मा गुवाहाटी के घोरमारा इलाके में उनके आवास पर गए। बोरा की पत्नी और बेटे ने आरती कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुलाकात के बाद, शर्मा ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, उनकी पार्टी (भाजपा) में बोरा के शामिल होने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए उनके साथ चर्चा करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि बोरा का भाजपा में शामिल होना यह साबित करेगा कि कांग्रेस में हिंदुओं के लिए जगह नहीं है।
शर्मा ने दावा किया कि बोरा ने कांग्रेस में लंबे समय तक संघर्ष किया है, और भाजपा में उन्हें वह सब कुछ करने का मौका मिलेगा जो वह चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस को उन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए था जिनके कारण बोरा को 32 साल बाद पार्टी छोड़नी पड़ी और उसे सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए थे।
बोरा ने सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें इसे वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की। इसके बाद, उन्होंने अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए समय मांगा था।
भाषा सुभाष माधव
माधव