नागपुर, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर के एक सिविल इंजीनियर की पत्नी अपने पति की रिहाई के लिए दर-दर भटक रही है।
महिला का पति पिछले साल फरवरी से पश्चिम अफ्रीकी देश माली में जेल में बंद है। व्यक्ति को उत्तर प्रदेश स्थित नियोक्ता कंपनी से जुड़े वित्तीय विवाद में गिरफ्तार किया गया था।
जेल में बंद इंजीनियर नितिन गुलहाने की पत्नी प्रियंका गुलहाने ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि माली की एक अदालत ने पिछले साल अगस्त में उनके पति को जमानत दे दी थी लेकिन कंपनी द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद 3.25 करोड़ रुपये की जमानत राशि का भुगतान न करने के कारण वह (नितिन) अब भी माली की जेल में बंद हैं।
प्रियंका ने अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अपने पति की तत्काल रिहाई के लिए हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि उनके पति मधुमेह और उच्च रक्तचाप सहित कई बीमारियों से पीड़ित हैं।
प्रियंका ने बताया कि उनके पति नोएडा स्थित आर एस एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड (एईईपीएल) में उप महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और कंपनी द्वारा उन्हें माली में एक ग्रामीण विद्युतीकरण परियोजना के कार्यान्वयन और पर्यवेक्षण की देखरेख के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था।
संबंधित परियोजना एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी निविदा के माध्यम से प्रदान की गई थी।
माली की एक अदालत द्वारा जमानत मंजूर किए जाने के बावजूद पांच महीने से अधिक समय बीत जाने पर भी जमानत राशि जमा नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए महिला ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
महिला ने अपने पत्र में कहा कि 15 अगस्त 2025 को माली की अदालत ने 20 करोड़ सीएफए फ्रैंक (लगभग 3.25 करोड़ रुपये) की जमानत राशि पर उनके पति को राहत दी थी, लेकिन अब तक संबंधित कंपनी या उसके प्रबंध निदेशक ने जमानत राशि जमा करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने कहा कि 11 सितंबर को विदेश मंत्रालय में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) संजीव कुमार की मौजूदगी में कंपनी के प्रबंध निदेशक के साथ बैठक भी हुई थी। इसके बावजूद मामला लंबित है और अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है।
महिला ने ‘पीटीआई-वीडीयो’ से कहा कि वह स्वयं इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था करने में असमर्थ हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मामले में मदद की अपील की है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
अविनाश
अविनाश