कांग्रेस के पूर्व विधायक एम. मुरली का निधन

Ads

कांग्रेस के पूर्व विधायक एम. मुरली का निधन

  •  
  • Publish Date - February 5, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - February 5, 2026 / 01:12 PM IST

अलाप्पुझा (केरल), पांच फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व विधायक एम. मुरली का तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। पार्टी नेताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अलाप्पुझा जिले के मावेलिक्कारा स्थित चेरुकोले के मूल निवासी मुरली 1991 से 2011 तक कांग्रेस के एक विधायक रहे और मावेलिक्करा विधानसभा क्षेत्र से लगातार निर्वाचित हुए।

उन्होंने 1969 में केरल छात्र संघ (केएसयू) के एक सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वह अलाप्पुझा जिले में 1972 में केएसयू के महासचिव बने और 1977 में जिला अध्यक्ष बने।

इसके बाद 1980 में मुरली केरल केएसयू के अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने 1982 से सात वर्षों तक केरल युवा कांग्रेस के महासचिव के रूप में भी कार्य किया।

मुरली महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, कोट्टायम की पहली सीनेट के सदस्य भी रहे। इसके अलावा, वह केरल राज्य विद्युत बोर्ड की परामर्श समिति के सदस्य, केरल राज्य वित्तीय उद्यम बोर्ड के निदेशक तथा केरल राज्य युवा कल्याण बोर्ड के सदस्य रहे।

वह केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) की कार्यकारी समिति के सदस्य और कांग्रेस की राजीव गांधी पंचायती राज समिति के राज्य अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत थे।

मुरली के परिवार में उनकी पत्नी के. एस. रेमा देवी और तीन पुत्र मिथुन, मृदुल और मृणाल हैं।

कांग्रेस नेता ए. ए. शुक्कूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कोविड-19 के बाद से मुरली की सेहत ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा, “सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद तिरुवनंतपुरम के अस्पताल उन्होंने अंतिम सांस ली।”

शुक्कूर ने बताया कि पार्थिव शरीर को पहले तिरुवनंतपुरम स्थित केपीसीसी कार्यालय में रखा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए मावेलिक्करा ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार का समय शीघ्र तय किया जाएगा।

भाषा खारी अमित

अमित