दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल फोन
दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल फोन
बेंगलुरु, 12 अगस्त (भाषा) बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) की छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक ‘एंड्रॉयड’ मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस महानिदेशक (जेल एवं सुधार सेवाएं) आलोक कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कुमार ने बताया कि सीसीबी ने उच्च सुरक्षा वाली इस जेल में बंद हाई-प्रोफाइल और अन्य कैदियों के खिलाफ मंगलवार को चार से पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया था।
उन्होंने बताया कि सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
कुमार ने कहा, ‘‘सीसीबी ने मंगलवार दोपहर जेल में छापेमारी की। प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक ‘एंड्रॉयड’ फोन जब्त किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि जेल अधिकारियों ने छह अगस्त को भी रेवन्ना की बैरक की तलाशी ली थी, लेकिन उस समय वहां कोई प्रतिबंधित सामान नहीं मिला था।
कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक(दक्षिण) की रिपोर्ट के आधार पर सहायक अधीक्षक इरन्ना रंगापुर को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु केंद्रीय कारागार के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।’’
कुमार ने बताया कि 11 अगस्त को ली गई तलाशी के दौरान कोई अन्य प्रतिबंधित सामान नहीं मिला।
पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. रेवन्ना के बेटे प्रज्वल रेवन्ना ने 2019 से 2024 तक लोकसभा में हासन का प्रतिनिधित्व किया।
प्रज्वल को यौन उत्पीड़न के मामलों के सिलसिले में मई 2024 में गिरफ्तार किया गया था और बाद में दुष्कर्म के एक मामले में दोषी ठहराया गया।
बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में प्रज्वल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह परप्पना अग्रहारा जेल में बंद है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


