तकनीकी खामी की वजह से नीट-पीजी के कुछ अभ्यर्थियों को गलत परीक्षा केंद्र की सूचना मिली: एनबीईएमएस

तकनीकी खामी की वजह से नीट-पीजी के कुछ अभ्यर्थियों को गलत परीक्षा केंद्र की सूचना मिली: एनबीईएमएस

तकनीकी खामी की वजह से नीट-पीजी के कुछ अभ्यर्थियों को गलत परीक्षा केंद्र की सूचना मिली: एनबीईएमएस
Modified Date: August 12, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: August 12, 2026 11:22 am IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने बुधवार को कहा कि तकनीकी खामियों के कारण राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी)-2026 के कुछ उम्मीदवारों को एसएमएस के जरिए उनके परीक्षा केंद्र के बारे में अनजाने में गलत जानकारी भेज दी गई थी।

बोर्ड ने कहा कि इसके बाद परीक्षा केंद्र संबंधी सही शहर की जानकारी एसएमएस और ईमेल के जरिये भेजी गई।

चिकित्सा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 30 अगस्त को नीट-पीजी 2026 आयोजित की जाएगी।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को भेजे संदेश में कहा, ‘‘नीट-पीजी 2026 के आवेदकों के लिए परीक्षा केंद्र आवंटित करने की जानकारी एनबीईएमएस की वेबसाइट पर निर्धारित समय सारिणी के अनुसार दे दी गई है।’’

इसमें कहा गया, ‘‘कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से, कुछ उम्मीदवारों को एसएमएस के जरिए परीक्षा केंद्र की गलत जानकारी पहुंच गई। इसके बाद, सही परीक्षा केंद्र की जानकारी देते हुए एसएमएस और ईमेल भेज दिए गए हैं।’’

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे पहले मिले एसएमएस संदेश पर ही सिर्फ भरोसा नहीं करें और एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवंटित परीक्षा केंद्र की पुष्टि जरूर कर लें।

भाषा धीरज सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में