इडुक्की (केरल), 17 सितंबर (भाषा) केरलम के थोडुपुझा नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सतीश जॉर्ज को मादक पदार्थ का सेवन करने के संदेह में बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस के मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत ‘‘इडुक्की जिला मादक पदार्थ-रोधी विशेष कार्यबल’’ ने छापा मारा, जिसके बाद जॉर्ज को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि जॉर्ज थोडुपुझा के पास किसी सूनसान जगह पर कथित तौर पर मादक पदार्थ का सेवन कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस दल बृहस्पतिवार तड़के वहां पहुंचा।
पुलिस ने कहा कि जब तक टीम वहां पहुंची, तब तक वह कथित तौर पर मादक पदार्थ का सेवन कर चुके थे।
अधिकारियों के अनुसार, उनके पास से कोई कृत्रिम मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ और उन्हें केवल मादक पदार्थ का सेवन करने के संदेह में हिरासत में लिया गया है।
जांच के सिलसिले में उन्हें बाद में कलियार पुलिस थाने ले जाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मादक पदार्थ का सेवन किया था या नहीं इसका पता लगाने के लिए जॉर्ज के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच की रिपोर्ट आने के बाद, पुलिस मामला दर्ज करेगी और कानूनी कार्रवाई करेगी।
जॉर्ज वर्ष 2020 में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बागी उम्मीदवार के रूप में नगरपालिका के चुनाव जीते थे और बाद में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के समर्थन से अध्यक्ष बने।
इससे पहले, वर्ष 2024 में एक रिश्वत मामले में आरोपी बनाए जाने के बाद उन्होंने थोडुपुझा नगरपालिका के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश