प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर समारोहों को लेकर ‘आप’ ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा

Ads

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर समारोहों को लेकर ‘आप’ ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 03:46 PM IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित समारोहों को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि सत्य निकेतन में इमारत ढहने से मारे गये लोगों के प्रति भाजपा ‘‘असंवेदनशील’’ रवैया अपना रही है।

दिल्ली सरकार ने राजधानी में कुंडीय यज्ञ, रक्तदान शिविर और दीप प्रज्वलन समेत कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लोगों की मौत को अभी 13 दिन भी पूरे नहीं हुए हैं और ‘‘भव्य’’ समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

छह सितंबर को एक ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) इमारत ढहने से कुल सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें पांच छात्र शामिल थे।

भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय के निर्दोष छात्रों की छह सितंबर को सत्य निकेतन के ‘पेइंग गेस्ट’ में मौत हो गई थी और हिंदू सनातन परंपराओं के अनुसार 18 सितंबर को उनकी ‘तेरहवीं’ होनी है और तब तक ‘सूतक’ की अवधि मानी जाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किये जा रहे ये समारोह, हवन और दीप प्रज्वलन दिल्ली की मुख्यमंत्री की बेशर्मी और असंवेदनशीलता को दर्शाते हैं।’’

दिल्ली सरकार शाम को कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप जलाने समेत कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन कर रही है।

भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने की घोषणा की है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश