मणिपुर के मुख्यमंत्री ने कचरा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए दो अभियान शुरू किए

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने कचरा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए दो अभियान शुरू किए

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 03:39 PM IST

इंफाल, 17 सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को कचरा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के मकसद से दो अभियान शुरू किए।

मुख्यमंत्री सचिवालय में ‘स्वच्छता ही सेवा, 2026’ अभियान और ‘क्लीन हिमालयन हिल सिटीज इनिशिएटिव’ की शुरुआत की गई।

सिंह ने मणिपुर के निवासियों, शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) और अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘इन पहलों के तहत, नाजुक पहाड़ी इलाकों में ठोस कचरे और स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए ‘पूरे समाज’ के नजरिए से व्यवहार में बदलाव, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘इन पहलों से चुनिंदा जगहों पर कचरा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा, जागरूकता और व्यवहार में बदलाव लाने वाली गतिविधियां चलाई जाएंगी, और शहरी स्थानीय निकायों तथा स्वच्छता और समुदाय से जुड़े संबंधित लोगों को प्रशिक्षण और संस्थागत सहायता दी जाएगी।’

अधिकारियों ने बताया कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाला ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चार तरह से कचरे को अलग-अलग करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों के बारे में जागरूकता और ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ की पहल को बढ़ावा देगा।

भाषा राखी रंजन

रंजन

रंजन