त्रिशूर, 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बृहस्पतिवार को केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की उनके द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं में सहयोग के लिए सराहना की।
उन्होंने कहा कि पिछली वाम मोर्चा सरकार के दौरान उन्हें ऐसा समर्थन नहीं मिला था।
गोपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नये गठबंधन के सत्ता में आने के बाद परियोजनाओं को लेकर रवैये में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा, “देखिए, अब परियोजनाओं के मामले में नये गठबंधन के सत्ता में आने के बाद से मुख्यमंत्री काफी सहयोगी रहे हैं। मुख्यमंत्री से जो भी अनुरोध किया जाता है, वह तुरंत उस पर प्रतिक्रिया देते हैं।”
गोपी ने कहा, “जनता के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किसी मुख्यमंत्री को सांसद या केंद्रीय मंत्री को जो सहयोग देना चाहिए था, वह पिछले 10 वर्षों में नहीं मिला लेकिन अब मिल रहा है।”
त्रिशूर से सांसद गोपी ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत तीन परियोजनाएं उनकी “पसंद की परियोजनाएं” थीं और केंद्रीय मंत्री बनने के बाद उन्हें मंजूरी मिली।
उन्होंने कहा, “मंत्री बनने के बाद स्वदेश दर्शन 2024 के तहत जिन फाइलों पर हस्ताक्षर हुए, उनमें तीन परियोजनाएं मेरी पसंदीदा परियोजनाएं थीं। उन्हें मंजूरी दे दी गई। शुरुआत में ये परियोजनाएं शामिल नहीं थीं। इसके लिए प्रयास किया गया और इन्हें हासिल किया गया।”
यूडीएफ और भाजपा के बीच कथित गठजोड़ के एलडीएफ के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में गोपी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में सरकार के सहयोग को राजनीति के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश