हैदराबाद, 17 सितंबर (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए कीसरा थाने के दो पुलिस अधिकारियों को पकड़ा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एसीबी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 16 सितंबर को रात 11 बजकर 25 मिनट पर उप निरीक्षक (एसआई) ने कथित तौर पर पुलिस निरीक्षक और कीसरा थाना प्रभारी (एसएचओ) के निर्देश पर शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की।
इसमें कहा गया है कि यह रिश्वत उन्हें पहले से दर्ज एक मामले में थाने से जमानत देने और उन्हें तथा उनके दोस्त को परेशान नहीं करने के लिए मांगी गई थी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि रिश्वत की रकम एसआई से बरामद कर ली गई। इसमें कहा गया कि निरीक्षक और एसआई ने अनुचित लाभ हासिल करने के लिए अपने कर्तव्यों का ‘अनुचित और बेईमानी’ से निर्वहन किया।
एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस अधिकारियों को अदालत में पेश किया जाएगा और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश