नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) यूरोपीय संघ के 23 सदस्य देशों के मिशन प्रमुखों ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल बुनियादी ढांचे, कृत्रिम मेधा (एआई) व सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भारत की परिवर्तनकारी प्रगति सहित विभिन्न विषयों पर उनसे बातचीत की।
भाजपा के अनुसार, भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन भी इस बैठक में शामिल थे।
नितिन नवीन ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, यूरोपीय संघ के 23 सदस्य देशों के मिशन प्रमुखों और भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत के साथ भाजपा को जानें’ पहल के तहत सार्थक बातचीत हुई।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “हमने भाजपा की ऐतिहासिक यात्रा, पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी साझा की। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल बुनियादी ढांचे, एआई और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भारत की परिवर्तनकारी प्रगति पर भी चर्चा की।”
नितिन नवीन ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) ‘हमारी साझेदारी’ में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है और बैठक में यूरोपीय संघ तथा भारत के बीच भविष्य में अधिक गहरे सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा के अनुसार, डेल्फिन ने अपने प्रारंभिक संबोधन में ‘भाजपा को जानें’ पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम भारत की लोकतांत्रिक और राजनीतिक प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद करते हैं।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की ‘परिवर्तनकारी यात्रा’ के बारे में भी जानकारी साझा की।
पार्टी के अनुसार, नवीन ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत के सफल निष्कर्ष की सराहना की और कहा कि यह भारत व यूरोपीय संघ के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
नवीन ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच साझेदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं बल्कि इसमें प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा, संपर्क व्यवस्था और लोगों के बीच आपसी संबंध भी शामिल हैं।
भाजपा ने कहा कि इस बातचीत ने राजनयिक समुदाय को भाजपा के सुशासन के दृष्टिकोण, पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और मौजूदा गतिविधियों से परिचित कराने का भी अवसर प्रदान किया।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश