गयाजी में युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में

गयाजी में युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में

गयाजी में युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में
Modified Date: September 30, 2026 / 02:45 pm IST
Published Date: September 30, 2026 2:45 pm IST

गया, 30 सितंबर (भाषा) बिहार के गयाजी जिले में एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ ग्रामीण युवक और उसकी महिला मित्र के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार को शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह पहाड़ी इलाके के पास हुई।

गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, पुलिस को मंगलवार को घटना और उसके कथित वीडियो के वायरल होने की जानकारी मिली। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

बयान में कहा गया कि गया के एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शेरघाटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी की टीम ने तकनीकी जांच की तथा महुआडीह से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महुआडीह निवासी श्री मांझी, उपेंद्र सिंह, प्रदीप राम और दिनेश मांझी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि चार नाबालिगों को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के लिंक को सोशल मीडिया से हटाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के प्रसार के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

भाषा सं कैलाश मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में