दिल्ली में कंपनी के कर्मचारियों से 70 लाख रुपये की लूट के मामले में चार गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में कंपनी के कर्मचारियों से 70 लाख रुपये की लूट के मामले में चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 07:10 PM IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में पिछले महीने एक कंपनी के दो कर्मचारियों से 70 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कंपनी का एक कर्मचारी भी शामिल है, और उस पर आरोप है कि उसने नकदी की आवाजाही के बारे में जानकारी का खुलासा किया और अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 31 मार्च को अपराह्न करीब 3.30 बजे कृषि कुंज के पास हुई, जब मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने एक कंपनी के दो कर्मचारियों को रोका और उनसे 70 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद, एक अप्रैल को इंदरपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि कंपनी के एक कर्मचारी विकास (22) ने कथित तौर पर नकदी की आवाजाही के बारे में जानकारी ‘लीक’ की थी और अपने साथियों – मोहम्मद कैफ (25), ऋषि यादव (22) और सौरभ उर्फ बाचा (23) – के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “घटना के बाद आरोपी लूटी गई रकम लेकर फरार हो गए थे।”

उन्होंने बताया कि लगातार निगरानी दिल्ली और हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश के आसपास के इलाकों में कई बार दबिश देने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इसके बाद पुलिस ने लूटी गई 53.40 लाख रुपये की नकदी और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की।

पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है।

ऋषि यादव का संबंध रणहोला थाने में बीएनएस और पोक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले से है, जबकि सौरभ पर पहले भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश