हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज नाबालिग कार्यकर्ता के पिता पर हुए हमले के आरोप में गिरफ्तार

Ads

हिंदुत्व ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज नाबालिग कार्यकर्ता के पिता पर हुए हमले के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 12:29 AM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 12:29 AM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) हिंदूवादी ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग कार्यकर्ता के पिता के साथ मारपीट समेत अन्य आरोपों के संबंध में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दिल्ली की एक अदालत ने भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अदालत के सूत्रों के अनुसार, भारद्वाज को दोपहर करीब दो बजे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह के आवास पर पेश किया गया, जबकि उसके वकील वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश हुए।

भारद्वाज को पहले पटियाला हाउस अदालत परिसर में व्यक्तिगत रूप से पेश किए जाने की संभावना थी।

यह घटनाक्रम दिल्ली पुलिस द्वारा भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद सामने आया। पुलिस ने कथित मारपीट के मामले में दर्ज प्राथमिकी में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं।

इसके अलावा, यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत एक नयी प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी नाबालिग कार्यकर्ता की शिकायत पर दर्ज हुई है। कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि अपने पिता के साथ हुई कथित मारपीट के खिलाफ आवाज उठाने के बाद उसे ऑनलाइन धमकियों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

भारद्वाज को जून में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग कार्यकर्ता के पिता पर हुए कथित हमले के सिलसिले में शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। इससे कुछ घंटे पहले ही कॉजपा ने कथित हमले को लेकर उसकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया था।

भाषा शफीक रंजन

रंजन