शिमला में एक करोड़ रुपये के कीमती सामान की चोरी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

शिमला में एक करोड़ रुपये के कीमती सामान की चोरी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

शिमला में एक करोड़ रुपये के कीमती सामान की चोरी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: September 21, 2026 / 10:11 pm IST
Published Date: September 21, 2026 10:11 pm IST

शिमला, 21 सितंबर (भाषा) शिमला में एक घर से कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी करने के आरोप में उत्तराखंड के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनगर निवासी देवेंद्र कुमार (56) तथा उधम सिंह नगर जिले के बलजीत सिंह (35), पप्पू लाल (58) और नईम (36) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना आठ सितंबर को फिंगास्क एस्टेट निवासी रेणु बाल्जी के घर में हुई थी। वह घरेलू सहायकों के साथ रहती थी।

पुलिस के मुताबिक, बाल्जी ने सुबह अपने कमरे की अलमारियां खुली हुई और सामान बिखरा पाया।

बाल्जी ने पाया कि हीरा जड़ित सोने के कंगन, सोने की अंगूठियां और बालियां, चांदी के सिक्के, डेढ़ लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान गायब थे।

उसने यह भी पाया कि घरेलू सहायकों में से एक लापता था।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में बाद में पता चला कि संदिग्ध चोर उत्तराखंड के रहने वाले हैं।

इसके बाद सदर पुलिस थाने की एक टीम ने उधम सिंह नगर जिला पुलिस के साथ समन्वय कर तलाश अभियान चलाया और चारों आरोपियों को उधम सिंह नगर के रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने बताया कि चोरी की करीब 80 प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

भाषा शुभम सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में