शिमला, 19 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के चार कर्मियों को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपियों की पहचान कुल्लू जिले के 14 माइल गांव के निवासी सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार (40), कुल्लू के भुंतर निवासी सब-इंस्पेक्टर समीर (40), कुल्लू के बाजाउरा गांव के निवासी सब-इंस्पेक्टर नितेश (46) और कुल्लू निवासी सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार (42) के रूप में हुई है।
शिमला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक धीमान ने मीडियाकर्मियों को बताया कि तीन मार्च को जिला पुलिस ने दो व्यक्तियों को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.1 करोड़ रुपये से अधिक है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता लगा कि सीआईडी के चार कर्मियों की तस्करों के साथ मिलीभगत थी।
उन्होंने कहा कि शिमला पुलिस की सिफारिश पर की गई विस्तृत जांच के बाद, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) ने 16 मार्च को आरोपी अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
धीमान ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा अविनाश माधव
माधव