रायगंज, आठ फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक दो वाहनों से टकराकर पलट गया, जिससे एक स्वयंसेवी सहित चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर करणदिघी में तुंगीदिघी बस स्टैंड के पास हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,”तेज रफ्तार ट्रक पहले दो चलती गाड़ियों से टकराया और इसके बाद पलट गया। इस हादसे में एक स्वयंसेवी और एक साइकिल सवार समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 15 लोग घायल हो गए।”
घायलों का इलाज रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हो रहा है। अधिकारी ने बताया कि ट्रक के चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा अभिषेक दिलीप
दिलीप