केरल में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

केरल में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

केरल में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत
Modified Date: June 5, 2026 / 01:47 pm IST
Published Date: June 5, 2026 1:47 pm IST

कोझिकोड (केरल), पांच जू्न (भाषा) कोझिकोड और मलप्पुरम जिलों में बृहस्पतिवार देर रात हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई।

पहले हादसे में बृहस्पतिवार देर रात मलप्पुरम जिले के कोहिनूर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक के पीछे से कार की टक्कर होने से दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

मृतक त्रिशूर जिले के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि यह हादसा रात करीब 11.40 बजे हुआ, जब परिवार कोझिकोड बीच घूमने के बाद अपने घर लौट रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब उनकी कार कथित रूप से अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में देरी हुई।

एक राहगीर द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन के भीतर फंसे लोगों को 20 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।

शुक्रवार तड़के एक अन्य दुर्घटना में कोझिकोड जिले के कुन्नामंगलम के पास एक एम्बुलेंस के पलटने से 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पेरिंगोलम की रहने वाली महिला मरीज को एम्बुलेंस से ले जाया जा रहा था, तभी देर रात करीब 1.30 बजे बारिश से भीगी सड़क पर एम्बुलेंस कथित तौर पर फिसल कर पलट गई।

पुलिस ने कहा कि एम्बुलेंस में उनके साथ यात्रा कर रही एक महिला रिश्तेदार को मामूली चोटें आयीं।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से एम्बुलेंस अनियंत्रित हो गई थी।

भाषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में