सिलवासा, चार अप्रैल (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में शनिवार सुबह एक गोदाम के भीतर हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोट सुबह करीब नौ बजे मेसर्स एस.के. एंटरप्राइज नामक गोदाम में उस समय हुआ, जब वहां गैस (संभावित रूप से नाइट्रोजन) भरी जा रही थी।
केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस हादसे में कुल छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से चार की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दो अन्य का सिलवासा के नमो अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बयान के मुताबिक फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार यह एक “प्रेशर ब्लास्ट” प्रतीत होता है, जो नाइट्रोजन गैस से भरे स्टेनलेस स्टील टैंक के फटने के कारण हुआ।
घटना के बाद अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग, पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रशासन के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने खतरनाक रसायनों और गैसों से संबंधित औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच के लिए एक निरीक्षण समिति भी गठित की है, विशेष रूप से बिना अनुमति संचालित इकाइयों पर नजर रखी जाएगी।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत