बारां में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चिकित्सक दंपति समेत परिवार के चार लोगों की मौत
बारां में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चिकित्सक दंपति समेत परिवार के चार लोगों की मौत
कोटा, 22 सितंबर (भाषा) राजस्थान के बारां जिले में कवाई-अटरू राजमार्ग पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को सामने से टक्कर मार दी, जिससे सरकारी अस्पताल के एक चिकित्सक, उनकी पत्नी और उनके दो छोटे बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भीलवाड़ा जिले के मांडल स्थित अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. सुरेश गजराज (38), उनकी चिकित्सक पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य (35), उनके 12 वर्षीय बेटे स्वप्निल और बेटी निलिशा (7) के रूप में हुई है।
सर्किल इंस्पेक्टर राजपाल सिंह के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ से था, लेकिन वह जयपुर में रह रहा था। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 11 बजे कवाई थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वे लोग छबड़ा की ओर जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे परिवार के चारों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक क्षतिग्रस्त वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया और दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।
सिंह ने बताया कि कवाई थाने की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और शवों को कार से निकालकर अटरू उप-जिला अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चारों को औपचारिक रूप से मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक का पता लगाने तथा उसे पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप

Facebook


