छत्तीसगढ़ में भयानक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, एक बच्चा घायल
छत्तीसगढ़ में भयानक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, एक बच्चा घायल
दुर्ग (छत्तीसगढ़), 16 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बृहस्पतिवार को एक राजमार्ग पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटर के टकरा जाने से एक महिला, उसकी बहन और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा रायपुर से सटे कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुआ जब परिवार के पांच सदस्य स्कूटर से राज्य की राजधानी में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि अमृता निर्मलकर (28) स्कूटर चला रही थी और उसका स्कूटर राजमार्ग पर खड़े ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से टकरा गया, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर रखे थे।
अधिकारी ने बताया कि अमृता, उसकी छोटी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) और उनकी चार और सात साल की बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। अमृता के आठ साल के बेटे को गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है और पीड़ित परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


