पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक व्यक्ति ने चार लोगों की पीट-पीटकर हत्या की

Ads

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक व्यक्ति ने चार लोगों की पीट-पीटकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - November 13, 2020 / 07:36 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:56 PM IST

आसनसोल, 13 नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में शराब की एक दुकान पर एक व्यक्ति ने चार लोगों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है, जो संभवत: मानसिक रूप से अस्थिर है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीड़ितों में से तीन लोग आसनसोल के शिवपुर इलाके में शराब की एक दुकान के भीतर सो रहे थे, तभी मध्यरात्रि में आरोपी ने डंडे से अचानक उन पर हमला कर दिया। वह उन पर ताबड़तोड़ वार करता रहा।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की चीखें सुनकर कुछ स्थानीय लोग वहां पर पहुंचे। कुछ लोगों ने नजदीक के पुलिस थाने को घटना की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बाहर आकर आरोपी ने वहां पहुंचे एक और व्यक्ति पर हमला कर दिया।

बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

अधिकारी ने बताया कि चारों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाषा मानसी नरेश

नरेश