पुंछ में भारी बारिश के दौरान तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत, कई लापता

पुंछ में भारी बारिश के दौरान तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत, कई लापता

पुंछ में भारी बारिश के दौरान तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत, कई लापता
Modified Date: July 19, 2026 / 10:18 am IST
Published Date: July 19, 2026 10:18 am IST

जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मौत के ये सभी मामले सबसे ज्यादा प्रभावित सुरनकोट तहसील से सामने आए हैं, जहां प्राधिकारियों ने फंसे हुए निवासियों तक पहुंचने, प्रभावित क्षेत्रों को साफ करने और भारी बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए बचाव दल तैनात किए हैं और राहत अभियान तेज कर दिए हैं।

उन्होंने बताया कि नूनाबंदी गांव में एक मकान ढह जाने से नाजिया कौसर (28) की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद हाफिज और दो से छह वर्ष की आयु के तीन बच्चों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लोअर मुराह में एक अन्य मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया और इस घटना के बाद से मकान मालिक मोहम्मद लतीफ व परिवार के पांच अन्य सदस्यों का कुछ पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम सूचना तक खोज और बचाव अभियान जारी है।

उन्होंने बताया कि मरहोट में इरम नाम की एक नाबालिग लड़की नाले में डूब गई और धुंधक लाथूंग पुल के पास एक नाले से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में