जम्मू, 11 अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में रामतुंड चोटी पर चार संदिग्ध आतंकवादियों के चढ़ाई करने का एक कथित वीडियो सामने आने के बाद एक व्यापक आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया है।
रामतुंड क्षेत्र उधमपुर जिले की सेओज धार इलाके के पास स्थित है। यह सुदूरवर्ती क्षेत्र में स्थित एक सघन पर्वतीय वन क्षेत्र है, जिसका इस्तेमाल आतंकवादी आवाजाही के लिए और कभी-कभी छिपने की जगह के तौर पर करते हैं। दुर्गम इलाका, घने जंगल और आस-पास के पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े होने की वजह से सुरक्षा के नजरिए से यह इलाका रणनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों ने फुटेज रिकॉर्ड किया और सोमवार अपराह्न सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद एक व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया है, जिसमें सुरक्षा बल संदिग्ध समूह का पता लगाने के लिए आस-पास के जंगलों, पर्वतीय चोटियों और रास्तों की तलाशी ले रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार सुबह उधमपुर से सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों को भी भेजा गया। आखिरी सूचना मिलने तक बड़े स्तर पर अभियान जारी था।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि इस समूह में तीन विदेशी आतंकवादी और एक स्थानीय आतंकवादी शामिल हो सकता है। हालांकि, अब तक संदिग्ध आतंकवादियों से आमना-सामना नहीं हो पाया है।
सूत्रों के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान जारी है।
पहले भी आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ, आवाजाही और छिपने के संभावित रास्ते के रूप में इस क्षेत्र का इस्तेमाल किए जाने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इलाके में लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप