होशियारपुर, छह जुलाई (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में एक प्रवासी मजदूर की चार वर्षीय बेटी की आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार शाम टांडा थाना क्षेत्र के ओहरपुर-बस्सी जलाल संपर्क मार्ग पर हुई।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ध्यानपुर गांव निवासी राम जीवन की बेटी गुनगुन के रूप में हुई है।
राम जीवन का परिवार धान की रोपाई का काम करने के लिए बस्सी जलाल गांव आया था।
पुलिस के अनुसार, राम जीवन और उसकी पत्नी प्रीति ने अपनी बेटी को जिस खेत में वे काम कर रहे थे, उससे करीब 100 मीटर दूर एक ट्यूबवेल के पास पेड़ की छाया में छोड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे सात आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया और उसे कुछ दूर तक घसीट ले गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीखें सुनकर उसके माता-पिता और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।
बच्ची को पहले टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे होशियारपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, धान की रोपाई करने के लिए यह परिवार बस्सी जलाल गांव में रह रहा था।
टांडा थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश