वैष्णो देवी यात्रा स्थगित होने के बाद कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था

वैष्णो देवी यात्रा स्थगित होने के बाद कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था

वैष्णो देवी यात्रा स्थगित होने के बाद कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था
Modified Date: July 20, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: July 20, 2026 5:56 pm IST

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी भवन की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित होने के बाद आधार शिविर कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण रविवार को वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी।

श्राइन बोर्ड के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर सेवा उपलब्ध कराने की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि उनके ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जा सके।’’

उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के निर्देश पर बोर्ड ने प्रभावित श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अपने सभी संसाधन जुटा लिये हैं।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘कटरा बस अड्डे के निकट स्थित निहारिका परिसर में नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की गई है, जहां फंसे हुए श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और श्राइन बोर्ड के अधिकारी उन्हें आवश्यक सहायता भी प्रदान कर रहे हैं।’’

श्राइन बोर्ड के एक प्रवक्ता ने कहा कि इसके अलावा बोर्ड विभिन्न संचार माध्यमों के जरिये मौसम की मौजूदा स्थिति और यात्रा की स्थिति से संबंधित अद्यतन जानकारी तथा परामर्श लगातार जारी कर रहा है, ताकि श्रद्धालु समय-समय पर जानकारी प्राप्त कर सकें।

प्रवक्ता ने बताया कि श्राइन बोर्ड जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए है।

उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से शांत रहने और केवल बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक परामर्श तथा अद्यतन सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में