हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी, तापमान में गिरावट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी, तापमान में गिरावट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी, तापमान में गिरावट
Modified Date: April 8, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: April 8, 2026 6:48 pm IST

शिमला, आठ अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बुधवार को हिमपात हुआ, जबकि मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।

अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय मौसम विभाग ने मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में बुधवार को छिटपुट बारिश, बादल गरजने, बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

उन्होंने बताया कि रोहतांग दर्रा, लाहौल और स्पीति के आदिवासी क्षेत्र और शिमला शहर के बाहरी इलाके में स्थित कुफरी उन स्थानों में शामिल थे जहां ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मंडी जिले में 11,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित शिकारी माता मंदिर में भी रुक-रुक कर बर्फबारी हुई, जो अप्रैल के महीने में असामान्य है।

बागवानों और किसानों ने मौसम को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अप्रैल में बर्फबारी और तूफानी मौसम से सेब और अन्य फलों के साथ-साथ कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है।

गोंडला और कुफरी में क्रमशः चार सेंमी और 1.4 सेंमी बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे रोहतांग दर्रा और शिकारी माता मंदिर बर्फ की सफेद चादर से ढक गए।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें संगराह में 65 मिमी, राजगढ़ में 60 मिमी और चौरी में 52.6 मिमी बारिश हुई।

न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई, जिसमें तबो में सबसे कम 0.1 डिग्री, उसके बाद कुकुमसेरी में 0.6 डिग्री और कल्पा में तीन डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

भाषा

राखी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में