गडकरी में आवाज उठाने का साहस, कैबिनेट में अपनी आवाज बुलंद करें: चिदंबरम

Ads

गडकरी में आवाज उठाने का साहस, कैबिनेट में अपनी आवाज बुलंद करें: चिदंबरम

  •  
  • Publish Date - July 13, 2021 / 12:52 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की एक ताजा टिप्पणी को लेकर मंगलवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में सिर्फ गडकरी में आवाज उठाने की हिम्मत है और ऐसे में उन्हें कैबिनेट में अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।

खबरों के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने सोमवार को नागपुर में देश के पहले वाणिज्यिक तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन किया और इस दौरान कहा कि एलएनजी, सीएनजी और इथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन के अधिक उपयोग से पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से राहत मिलेगी, जिसकी वजह से लोग परेशान हैं और आंदोलन कर रहे हैं।

उनकी इस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश में हर व्यक्ति जानता है कि इस सरकार में सारे निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए जाते हैं। फिर ये मायने नहीं रखता कि कौन वित्त मंत्री है और कौन नहीं है। प्रधानमंत्री खुद ही वित्त मंत्री हैं, रक्षा मंत्री हैं, विदेश मंत्री, खेल मंत्री हैं। वही सब कुछ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि सिर्फ श्री गडकरी में यह साहस है कि वह समय-समय पर आवाज उठाते हैं, लेकिन इन दिनों वह भी खामोश हैं। उन्हें अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्हें कैबिनेट में अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।’’

भाषा हक

हक माधव

माधव