गडकरी ने सिक्किम में सुरंग ढहने से हुई जनहानि पर दुख जताया
गडकरी ने सिक्किम में सुरंग ढहने से हुई जनहानि पर दुख जताया
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जनहानि पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया।
गडकरी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
सोमवार को सिक्किम के नामची जिले में भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई।
झोलुंगे के समरडुंग में एनएचपीसी (नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) तीस्ता चरण-6 जल विद्युत परियोजना की एडीआईटी-3 सुरंग के अंदर, परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत कुल 25 लोग फंस गए।
पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड, जो सिक्किम में इस सुरंग के लिए सिविल निर्माण का काम कर रही है, ने मंगलवार को कहा कि उसकी परियोजना टीम फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए आपदा राहत कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
कंपनी ने कहा कि बचाव कार्यों में मदद के लिए सभी जरूरी संसाधन, उपकरण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, कंपनी की मौके पर मौजूद इंजीनियरिंग टीम अधिकारियों के साथ मिलकर चौबीसों घंटे काम कर रही है, ताकि सुरंग को जोखिम रहित किया जा सके और बचाव दल प्रभावित जगह तक पहुंच सके।
कंपनी ने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में, हमारी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है और हम इस मुश्किल घड़ी में मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।’’
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


