हैदराबाद, 10 अगस्त (भाषा) तेलंगाना में आवासीय परिसर में जमीन के नीचे छिपे खजाने का पता लगाने का झांसा देकर लोगों से लगभग एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कार्य बल) के. एस. राव ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पुलिस टीमों ने घरों के नीचे छिपे खजाने का पता लगाने के बहाने व्यक्तियों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चौपहिया वाहन, एक ऑटो-रिक्शा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, सोने के 25 नकली सिक्के और छह किलोग्राम कोयला सहित अन्य सामान जब्त किया।
पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी ने यह दावा किया कि उसे घरों के नीचे छिपे खजाने का पता लगाने का विशेष ज्ञान है।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद मुख्य आरोपी ने अपने दोस्तों से संपर्क किया और वे सभी आसानी से पैसा कमाने के इरादे से उसके साथ अवैध गतिविधि में शामिल होने के लिए सहमत हो गए।
इसके बाद आरोपी व्यक्तियों ने भोले-भाले लोगों से संपर्क किया और उनसे धन एकत्र किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जमीन खोदने के बाद, आरोपियों ने कोयले से भरी एक बोरी और सोने का पानी चढ़े सिक्कों को वहां रख दिया। इसके अलावा, आरोपी यह कहते हुए वहां से फरार हो गए कि कोयले को सोने में बदलने में कुछ समय लगेगा।
इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि अलग-अलग इलाकों में 11 लोगों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
भाषा नोमान
नोमान प्रशांत
प्रशांत