अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 8.9 करोड़ रुपये का गांजा बरामद, मुंबई का व्यक्ति पकड़ा गया

Ads

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 8.9 करोड़ रुपये का गांजा बरामद, मुंबई का व्यक्ति पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 07:53 PM IST

अहमदाबाद, 21 सितंबर (भाषा) अहमदाबाद हवाई अड्डे पर सोमवार को 41 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ा गया और उसके कब्जे से 8.9 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बैंकॉक से आए यात्री ने प्रतिबंधित पदार्थ को अपने सामान में छिपा रखा था।

इस संबंध में एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि अहमदाबाद सीमा शुल्क विभाग की ‘एयर इंटेलिजेंस यूनिट’ (एआईयू) के अधिकारियों ने मुंबई निवासी इमरान शेख को रोककर उसके सामान की तलाशी ली।

उन्होंने कहा कि टीम को सामान के भीतर कपड़ों में छिपाकर रखे गए 14 प्लास्टिक पैकेट मिले जिनमें हरे रंग का पदार्थ था, जो प्रारंभिक जांच में गांजा पाया गया।

अधिकारी के अनुसार, करीब 8.9 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और इसकी कीमत 8.9 करोड़ रुपये आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल